Thu. Apr 25th, 2024
    बेनामी संपत्ति जब्त

    केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के मुताबिक देश की करीब 541 बेनामी संपत्तियां जब्त की गई है। इन 541 बेनामी संपत्तियों की कीमत 1833 करोड़ रुपए बताई गई है।  आयकर विभाग का कहना है कि बेनामी संपत्तियों के खिलाफ की गई कड़ी कार्रवाई का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड यानि सीबीडीटी के चेयरमैन सुशील चंद्र के अनुसार देश में बेनामी संपत्तियों के खिलाफ की जाने की वाले कड़ी कार्रवाई का यह अनुक्रम कभी बंद नहीं होगा।

    सुशील चंद का कहना है कि देशभर की बेनामी संपत्तियों के आकड़े और स्रोत एकत्र किए जा रहे हैं। अब तक कुल 1833 करोड़ रुपए की 541 बेनामी संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि 541 बेनामी संपत्तियों में से करीब 517 से अधिक के खिलाफ नोटिस भी जारी की गई थी।

    आइए जानें किस शहर में कितनी बेनामी संपत्तियों पर हुई कार्रवाई:

    अहमदाबाद—136
    भोपाल—93
    कर्नाटक और गोवा—76-76
    चैन्नई—72
    जयपुर—62
    मुंबई—61
    दिल्ली—55

    गौरतलब है कि 4 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में आयोजित रैली के संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने देश की बेनामी संपत्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही थी। गौरतलब है कि नोटबंदी के दौरान कालेधन को सफेद करने वाले उन सभी लोगों को केंद्र सरकार ने अपने निशाने पर ले रखा है।

    आयकर विभाग ने करीब 20,572 ऐसे लोगों की सूची बना रखी है जिनके खाते में नोटबंदी के बाद अचानक पैसे आए हैं। नोटबंदी के बाद अचानक बढ़ी आमदनी को लेकर इन खाताधारकों के खिलाफ आयकर विभाग नोटिस जारी कर पूछताछ करेगा। आॅपरेशन क्लिन के तहत आयकर विभाग उन सभी खाताधारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा जिनकी आमदनी अचानक बढ़ी है।