Wed. Apr 24th, 2024
    बारिश के कारण दिल्ली का प्रदुषण स्तर गिरा नीचे

    राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों, जिनमें नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, अलवर आदि आते हैं, में कल मंगलवार शाम बारिश के बाद तापमान में गिरावट दिखी। मौसम विभाग नें आज का मौसम साफ़ बताया है।

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रात में हुई बारिश और धूल भरी आंधी के कारण बुधवार सुबह मौसम सुहावना रहा और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री नीचे 19 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।’’

    अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े आठ बजे तक एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि पालम, लोधी, रिज और आयानगर वेधशालाओं में इस समयावधि के क्रमश: 1.8, 1.4, 0.2 और 2.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग को शहर का अधिकारिक आंकड़ा रखने वाली वेधशाला माना जाता है।

    मौसम कार्यालय ने दिन में बादल छाये रहने और बाद में हल्की बारिश और गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना व्यक्त की है।

    delhi rain

    मौसमविद् ने बताया, ‘‘अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है।’’

    मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 30.7 और 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

    कल पूरी रात लगभग 1.1 मिमी बारिश होने के कारण तापमान 20.5 डिग्री तक गिर गया था। टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक, दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन, पटपडगंज, इन्द्रप्रस्थ, मयूर विहार और मजनू का टीला जैसे इलाकों में बारिश देखने को मिली थी।

    दिल्ली के अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के भी निकटतम इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली थी। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बुधवार को भी मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

    आज हालाँकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बर्फ गिर सकती है।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *