Sat. Apr 20th, 2024
    दिग्विजय सिंह

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस को फिर से एक मजबूत पार्टी बनाने के लिए ‘न्यू कांग्रेस’ का नारा दिया है।

    देश के राजनीतिक पटल पर कांग्रेस की भूमिका लगातार धूमिल हो रही है। इसको फिर से संवारने के लिए पार्टी लगातार प्रयास कर रही है। दिग्विजय सिंह का मानना है कि न्यू इंडिया में न्यू कांग्रेस की जरूरत है, जिसमे देश के युवा हिस्सा लें एवं नयी सोच रखें।

    दिग्विजय सिंह ने इस मामले में ट्वीट करते हुए लिखा कि हमें कांग्रेस की कायापलट करनी होगी और इसके लिए युवा लोग और नयी सोच की जरूरत है। मैं पूरा भरोसा है कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गाँधी इसमें सम्मिलित होंगे।

    जाहिर है 2019 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए सभी विपक्ष की पार्टियां भाजपा को रोकने के लिए एक-जुट हो रही है। हाल ही में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ मिलकर एक समिति का गठन किया था, जिसके तहत वे चुनावों पर नज़र रख सकें।

    राहुल गाँधी आज अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान वे बर्कली में भाषण देंगे। 2019 में राहुल गाँधी के चेहरे को देश के सामने रखने से पहले कांग्रेस उन्हें एक युवा नेता के रूप में दर्शन चाहती है। इस कारण से हाल ही में राहुल गाँधी ने अनेक रैलियां की है।

    पिछले महीने राहुल गाँधी ने गुजरात का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत की थी। इसके बाद राहुल गाँधी ने महाराष्ट्र जाकर भी किसानों को सम्बोधित किया था।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।