Fri. Mar 29th, 2024
    दिग्विजय सिंह

    संसद के मानसून सत्र में विपक्ष एकजुट होकर भाजपा को घेरने में जुटा हुआ है। गुजरात दौरे के दौरान राहुल गाँधी पर हुए हमले पर आज केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में बयान दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी ने खुद ही सुरक्षा मापदंडों को तोड़ा था। उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे। उनके इस बयान पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि गृह मंत्री अपने नेताओं को बचाने में जुटे है। उन्हें इस मसले पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। गौरतलब है कि राहुल गाँधी हाल ही में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने गुजरात गए थे। इसी दौरान उनके वाहन पर एक व्यक्ति ने पत्थर फेंका था। भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता खुलेआम कानून तोड़ रहे हैं। सरकार उन पर नियंत्रण करने में अब तक असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि एसपीजी के सुरक्षाकर्मी पर गुजरात में हमला हुआ उसे लेकर राजनाथ सिंह कुछ नहीं बोलेंगे। सरकार को इन अराजक तत्वों पर शीघ्र और कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।

    गुजरात में हो रहे राज्यसभा चुनावों पर उन्होंने कहा कि शंकर सिंह वाघेला आज लोभ में आकर भाजपा के पाले में जा बैठे हैं। उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी ने उनके लिए क्या-क्या किया है। पिछले 20 सालों से पार्टी उनके साथ थी और उन्हें पूरा सम्मान दिया। उन्हें गुजरात कांग्रेस के सर्वोच्च पद पर बिठाया और नेता विपक्ष भी बनाया। आगामी चुनावों में पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी बना रही थी पर उन्होंने अपने निजी स्वार्थ और अहं के लोभ में आकर भाजपा का दामन थाम लिया। अहमद पटेल ने शंकर सिंह वाघेला की हर संभव मदद की थी पर उन्होंने उनको ही धोखा दे दिया। बलवंत सिंह राजपूत जिनकी हस्ती ही अहमद पटेल की देन है आज उन्ही के सामने खड़े हैं। कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि भाजपा अपनी चमड़ी बचाने में जुटी हुई है। भाजपा के पार्टी के युथ विंग के नेता ने पत्थर मारा है और अज्ञात लोग कहकर पार्टी उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।