Thu. Apr 25th, 2024
    दावोस सम्मलेन 2018 नरेन्द्र मोदी

    स्विट्ज़रलैंड में इस महीने के अंत में दावोस सम्मलेन का आयोजन किया जाएगा, जहाँ विश्वभर के बड़े नेता और प्रभावी लोग शामिल होंगे। भारत के लिए यह सम्मलेन काफी खास रहेगा, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई बड़ी हस्तियाँ इसमें भारत की ओर से शामिल होंगी। इसके अलावा भारत के लिए ख़ुशी की बात यह है कि इस सम्मलेन की शुरुआत देशी खाने और योग से होगी।

    आपको बता दें कि साल 1997 के बाद यह पहली बार होगा, जब एक भारतीय प्रधानमंत्री इस सम्मलेन में शामिल होगा। 1997 में तत्कालीन प्रधानमंत्री देवेगौडा इसमें शामिल हुए थे।

    भारत की ओर से प्रतिनिधिमंडल काफी बड़ा होगा, जिसमे नरेन्द्र मोदी के अलावा, 5 केन्द्रीय मंत्री, 2 मुख्यमंत्री, कई उच्च सरकारी अधिकारी, 100 से ज्यादा कारोबारी एवं अन्य प्रभावी लोग शामिल हैं। दरअसल नरेन्द्र मोदी या सम्मलेन की ओर से मोदी के शामिल होने पर अभी तक कोई अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस सम्मलेन से जुड़े लोगों का मानना है कि नरेन्द्र मोदी यहाँ एक जन-सभा को संबोधित करेंगे जिसमे 3000 से ज्यादा कारोबारी और अन्य देशों से आये सरकारी अधिकारी शामिल होंगे।

    दावोस सम्मलेन 2018, 22 जनवरी से आरम्भ होगा। इस सम्मलेन का मुख्य लक्ष्य विश्वभर में सहभागिता बढाते हुए एक उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर होना है।

    22 जनवरी की शाम को उद्घाटन समारोह की मेजबानी भारतीय वाणिज्य मंत्रालय द्वारा होगी। इसमें भारतीय संस्कृति से जुड़ी विषयों का उल्लेख किया जाएगा, जिसमे मुख्य रूप से योग और भारतीय व्यंजन शामिल होंगे।

    यह सम्मलेन भारत के लिए कई विषयों में खास रहेगा। इसमें भारत केन्द्रित एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमे विश्वभर में भारत के योगदान पर चर्चा होगी। इसके अलावा एशिया में शान्ति और समृधि के लिए भारत द्वारा उठाये गए क़दमों का उल्लेख किया जाएगा।

    ये हस्तियाँ होंगी शामिल

    जिन हस्तियों के नाम पर अधिकारिक रूप से घोषणा हो चुकी है, वे निम्नलिखित हैं:

    • वित्त मंत्री अरुण जेटली
    • रेल मंत्री पीयूष गोयल
    • वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु
    • तेल मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान
    • बाहरी मुद्दों के मंत्री एम जे अकबर
    • महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस
    • आंध्र प्रदेश मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू
    • अतुल चतुर्वेदी, अमिताभ कान्त आदि सरकारी अधिकारी

    भारत के अलावा पाकिस्तान से भी कई बड़ी हस्तियाँ इसमें शामिल होंगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी, बिलावल भुट्टो जरदारी आदि नेता शामिल होंगे।

    इस सम्मलेन में चीन अपनी महत्वकांशी वन बेल्ट वन रोड योजना पर भी चर्चा करेगा। इससे सम्बंधित चीन एक सभा का आयोजन करेगा जिसमे पाकिस्तान समेत अन्य देशों के नेता शामिल हो सकते हैं।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23-24 जनवरी को इस सम्मलेन में शामिल हो सकते हैं, जहाँ वे विश्व के बड़े-बड़े व्यापारियों की एक सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में भारत की ओर से मुकेश अम्बानी, उदय कोटक, चन्दा कोचर, शाहरुख़ खान एवं करण जोहर भी शामिल होंगे।

    भारत की ओर से पूर्व आरबीआई चेयरमैन रघुराम राजन भी इसमें शरीक होंगे।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।