Thu. Apr 25th, 2024
    thailand king

    बैंकाक, 4 मई (आईएएनएस)| थाईलैंड के राजा महा वजीरालोंगकोर्न बोडिन्द्रदेबयवरंगकुन का सिंहासन पर आसीन होने के दो साल बाद आखिरकार शनिवार को राज्याभिषेक हो गया। तीन दिवसीय समारोह में 3.1 करोड़ डॉलर खर्च होंगे।

    सीएनएन के मुताबिक, 66 वर्षीय राजा महा वजीरालोंगकोर्न बोडिन्द्रदेबयवरंगकुन का राज्याभिषेक उनके पिता राजा भूमिबोल अदुल्यदेज के निधन के बाद सिंहासन पर आसीन होने के दो साल से अधिक समय बाद होगा।

    थाई सरकार के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, तीन दिवसीय समारोह के दौरान, राजा वजीरालोंगकोर्न को 7.3 किलो का स्वर्ण मुकुट पेश किया जाएगा जो शहर में शाही पालकी पर घुमाया जाएगा और थाईलैंड के 76 प्रांतों से एकत्र किए गए पवित्र जल का उपयोग करते हुए एक शाही शुद्धिकरण समारोह में मुकुट का शुद्धिकरण किया जाएगा।

    वह महत्वपूर्ण क्षण, जब राजा वाजिरालोंगकोर्न एक प्रतिष्ठित राजा बनेंगे, वह शनिवार को आएगा। जब वह एक पवित्र, नौ परतों वाले एक छत्र के नीचे बैठेंगे।

    राज्याभिषेक समारोह बैंकाक के ग्रैंड पैलेस के चक्रबत बिमान शाही आवास में हुआ।

    समारोह की शुरुआत राजा को पवित्र जल से स्नान कराने से हुई, जहां थाईलैंड के 76 प्रांतों से एकत्र किए गए पवित्र जल को 66 वर्षीय राजा के सिर, पीठ और हाथों पर डाला गया।

    इसके बाद सुनहरे परिधान व कढ़ाई वाली पैंट पहने राजा ने अभिषेक अनुष्ठान में भाग लिया जो ग्रैंड पैलेस के बेजल दास्किन थ्रोन हॉल में हुआ, जहां बौद्ध और ब्राह्मणवाद का संयोजन देखने को मिला।

    थाई लोगों की बहुसंख्यक आबादी के लिए यह पहला मौका होगा जब वे थाईलैंडके 10वें राजा का राज्याभिषेक देखेंगे। दिवंगत राजा भूमिबोल को 5 मई 1950 को ताज पहनाया गया था।

    राजा वजीरालोंगकोर्न ने आस्ट्रेलिया और ब्रिटेन में पढ़ाई की है और दो बेटियों व पांच बेटों के पिता हैं।

    राजा ने बुधवार को ऐलान किया कि उन्होंने अपनी बॉडीगार्ड जनरल सुथिदा वजीरालोंगकोर्न ना अयुध्या से शादी रचा ली है, जो उनकी चौथी पत्नी बनीं।

    भूमिबोल ने 70 सालों तक देश पर शासन किया। वह दुनिया के सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले राजा थे।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *