Sat. Apr 20th, 2024
    तेजस्वी यादव

    भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पुत्र और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाजपा के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने के बाद विपक्ष के नेता की कुर्सी संभाल ली है। 28 जुलाई को तेजस्वी यादव को विपक्ष का नेता चुना गया। सबसे पहले उन्हें ही बोलने का मौका मिला। जब तेजस्वी बोलने के लिए खड़े हुए तो उनके समर्थन में आरजेडी नेता ललित यादव और भाई बीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी जिसपर तेजस्वी ने उन्हें शांत कराते हुए कहा कि मैं अकेला ही इनके लिए काफी हूँ।

    अपने भाषण में तेजस्वी ने नीतीश कुमार को ‘बॉस’ कहकर सम्बोधित किया। उन्होंने नीतीश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। इसके अतिरिक्त अन्य कई मुद्दों पर भी उन्होंने नीतीश कुमार को घेरा। उनका भाषण इतना प्रभावशाली था कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने भी उनकी तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि तेजस्वी से इतने दमदार भाषण की उम्मीद नहीं थी। इन सबके बावजूद नीतीश कुमार ने 131-108 से जीतकर अपना बहुत साबित किया और बिहार में चल रही राजनीतिक अस्थिरता को स्थायित्व प्रदान किया। नीतीश कुमार ने भले ही बहुमत साबित कर सरकार बना ली हो पर सियासी महकमों में तेजस्वी के भाषण की चर्चा अधिक हो रही है।

    नीतीश पर दागे सवाल

    अपने भाषण के दौरान तेजस्वी यादव ने हर बार नीतीश कुमार को ‘बॉस’ कह कर ही सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद आरजेडी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी थी। आपके पास 71 विधायकों का ही समर्थन था। इसके बाद भी आपकी ही ताजपोशी हुई। जिस सांप्रदायिक भाजपा के खिलाफ आपने हमारे साथ मिलकर चुनाव लड़ा था आज उसी भाजपा की गोद में जा बैठे हैं। ‘हे राम’ करते-करते आप तो ‘जय श्री राम’ बोलने लगे हैं। उन्होंने नीतीश कुमार से पूछा कि क्या आपको भाजपा से गठबंधन कर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हुए शर्म नहीं आयी।

    तेजस्वी यादव

     

    तेजस्वी ने कहा कि जो कोई भी मॉब लिंचिंग और भाजपा के खिलाफ बोलता है उसे देशद्रोही कहा जाता है पर भाजपा के साथ जाकर अब आप राष्ट्रवादी हो गए हैं। आप भाजपा के खिलाफ विपक्ष के एकजुटता की बात करते थे पर आप सोनिया गाँधी की बैठक के बजाय मोदी साहब के डिनर में पहुँच गए। तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर भाजपा के साथ मिलकर ड्रामा रचने का आरोप लगाया। उन्होंरे कहा कि महागठबंधन के खिलाफ यह साजिश पिछले 6-7 महीनों से जारी थी, सीबीआई के छापों ने तो बस इसे मूर्त रूप देने का काम किया है।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।