Fri. Mar 29th, 2024

    झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 में से 18 सीटों पर मतदान छिटपुट घटनाओं के बीच समाप्त हो गया। प्रारंभिक रपटों के अनुसार, अपराह्न् तीन बजे तक मतदान प्रतिशत 55 फीसदी से ज्यादा रहा। मतदान का पूरा प्रतिशत शाम पांच बजे बचे दो और सीटों पर मतदान पूरा होने के बाद आएगा।

    मतदान यहां की 18 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह अपराह्न् तीन बजे समाप्त हो गया। वहीं जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीटों पर मतदान शाम पांच बजे समाप्त होंगे।

    चुनाव संबंधी हिंसा में, गुमला जिले के सिसई विधानसभा क्षेत्र में एक युवक पुलिस फायरिंग में मारा गया और तीन पुलिसकर्मियों सहित छह लोग घायल हो गए।

    नक्सलियों ने पश्चिम सिंहभूम जिले में एक मतदान बस को आग के हवाले कर दिया। आग की घटना के बाद बूथ नंबर 36 पर मतदान को रद्द कर दिया गया। घटना के बाद मतदान अधिकारी और सुरक्षाकर्मी ईवीएम मशीनों को लेकर वहां से चले गए।

    चुनाव आयोग ने गुमला जिला प्रशासन से मामले में विस्तृत रपट मांगी है।

    20 विधानसभा सीटों के लिए कुल 260 उम्मीदवार हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 48,25,038 मतदाताओं द्वारा किया जाएगा। इन मतदाताओं में 23,93,437 महिलाएं और 90 तीसरे लिंग के शामिल हैं, बाकी पुरुष मतदाता हैं।

    पुलिस सूत्रों ने बताया कि दूसरे चरण के मतदान के लिए 40,000 से अधिक सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

    इन 20 सीटों में से, 16 अनुसूचित जनजाति(एसटी) और एक अनुसूचित जनजाति(एससी) के लिए आरक्षित है।

    मुख्यमंत्री रघुबर दास जमशेदपुर पूर्वी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला पूर्व कैबिनेट सहयोगी सरयू राय और कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ से है।

    इस चरण में जिन प्रमुख नेताओं की चुनावी किस्मत का फैसला हो रहा है, उनमें झारखंड विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, शहरी विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, जल संसाधन मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व कैबिनेट मंत्री सरयू राय और राज्य भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा शामिल हैं।

    जेल में बंद नक्सली कमांडर कुंदन पाहन तमाड़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

    मुख्यमंत्री रघुबर दास ने शनिवार सुबह अपने विधानसभा सीट जमशेदपुर पूर्व में मतदान किया।

    हिंसा के बीच 1 बजे तक 45 प्रतिशत से अधिक मतदान

    राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अपराह्न् एक बजे तक 45़ 44 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं।

    पश्चिम सिंहभुम में नक्सलियों ने मतदान केंद्र जा रही बस में लगाई आग

    झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में स्थित एक मतदाता केंद्र जा रहे बस को नक्सलियों ने आग के हवाले कर दिया।

    पुलिस के अनुसार, नक्सलियों ने बस को पश्चिम सिंहभूम जिले के जोजूहाटू में जला दिया।

    गुमला में झड़प, 6 घायल

    झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान के दौरान गुमला जिले के सिसई के एक मतदान केंद्र पर पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई है, जबकि पुलिसकर्मियों समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, गुमला जिले के सिसई विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 36 पर गड़बड़ी करने के दौरान पुलिस ने गोली चलाई। इस गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई है।

    घटना में पुलिसकर्मियों समेत छह लोगों के घायल होने की सूचना है।

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हिंसा के बाद मतदान रोक दिया गया है। मौके पर पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

    मृतक की पहचान जिलानी अंसारी के रूप में की गई है। घटना के बाद ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस बल पर उन्होंने पथराव कर दिया। इस पथराव में पुलिस जवानों के भी घायल होने की खबर है। इस गांव में भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है।

    कई मतदाताओं का आरोप है कि उन्हें वोट देने से जबरन रोका गया, जिसके बाद लोगों ने यहां पथराव शुरू कर दिया। इधर, चुनाव आयोग ने गोलीबारी की इस घटना पर संज्ञान लिया है और पूरे मामले पर जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।

    पहले दो घंटों में 13.03 % मतदान

    झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए शनिवार को मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक 13.03 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। सरायकेला विधानसभा सीट पर सबसे अधिक मतदान 15.66 प्रतिशत और कोलेबिरा में सबसे कम 8.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

     

     

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *