Wed. Apr 24th, 2024
    जेएनयु

    जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयु) में बीते दिन कारगिल दिवस मनाया गया था। इस मौके पर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर एम जगदीश कुमार ने यूनिवर्सिटी के परिसर में एक युद्ध टैंक खड़ा करने की मांग की है। कुमार के अनुसार ऐसा करने से जेएनयु के छात्रों में सेना के लिए देशभक्ति जागेगी।

    आपको बता दें कि रविवार को जेएनयु में कारगिल दिवस मनाया गया था। इस दौरान कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री, पूर्व आर्मी चीफ वी.के. सिंह, क्रिकेटर गौतम गंभीर और कई आला अधिकारी मौजूद थे। यह कार्यक्रम एचआरडी मिनिस्ट्री के विजय वीरता अभियान के तहत आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा 2200 फुट लम्बे तिरंगे को लेकर एक मार्च निकाली गयी।

    कार्यक्रम के दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजने लगे। आपको बता दें कुछ दिनों पहले यूनिवर्सिटी में कुछ छात्रों ने देश विरोधी नारे लगाए थे। इस बदलाव को देखकर सभी अधिकारी गण हैरान थे। यह देखकर वी.के. सिंह ने कहा कि जेएनयु में हमारी जीत हुई है। इसके बाद हमें हैदराबाद यूनिवर्सिटी और जादवपुर में जीत पक्की करनी है। सिंह ने कहा कि, ‘भारत पर कोई बाहरी आक्रमणकारी गद्दारों की मदद के बिना हमला नहीं कर सका है। हमें यह समझना होगा कि अगर हम एक हैं तो हमें कोई नहीं हरा सकता है।’

    वी.के. सिंह

    कार्यक्रम में मौजूद गौतम गंभीर ने फ्रीडम ऑफ़ स्पीच के बारे में कहा कि, ‘मैं फ्रीडम ऑफ स्पीच मैं यकीन रखता हूं, लेकिन कुछ चीजें जैसे कि राष्ट्रीय ध्वज के साथ कोई समझौता नही किया जा सकता है। सेना के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।’ गंभीर ने कहा कि यूनिवर्सिटी में छात्रों को 26 जनवरी आदि महत्वपूर्ण दिवसों के बारे में बताना चाहिए।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।