Wed. Apr 24th, 2024
    अमर सिंह

    ज़ख्म चाहे कितना भी पुराना हो, दर्द को छलकते देर नहीं लगती। कुछ ऐसा ही वाकया आज राज्यसभा सांसद अमर सिंह के साथ हुआ। सपा में वापसी की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने साफ़ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सपा उन्हें दो बार निकाल चुकी है दुलत्ती मारकर, अब उनका उससे कोई वास्ता नहीं। उन्होंने कहा कि एक बार माननीय मुलायम सिंह जी ने निकाला वहीं दूसरी बार अखिलेश यादव ने। पार्टी में अब वरिष्ठ नेताओं की कोई कद्र नहीं रह गई है।

    वो आज यहाँ राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के लिए आये थे। उन्होंने सभी से भाजपा उम्मीदवार श्री रामनाथ कोविंद के पक्ष में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बहुत ही योग्य उम्मीदवार का चयन किया है और उसे अपने से ऊपर रखा है।

    निशाने पर रहीं कांग्रेस अध्यक्ष

    कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गाँधी को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि जब उनके पास आंकड़ें नहीं होते तब एक दलित को ही बलि का बकरा क्यों बनाया जाता है। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत जी के खिलाफ सुशील कुमार शिंदे की उम्मीदवारी का भी उदाहरण दिया। सपा से अलगाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के बाद से अमर सिंह मोदी सरकार की तारीफ़ कर रहे हैं और इसे भविष्य में किसी राजनीतिक गठजोड़ की शुरुआत के तौर पर देखा जा सकता है।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।