Fri. Mar 29th, 2024

    चीन लगातार खुद को शक्तिशाली साबित करने के लिए अपनी ताकत का इस्तेमाल कर रहा है। पूरी दुनिया पर अपना दबदबा दिखाने के लिए चीन सामरिक शक्तियों में भी बढ़ोतरी कर रहा है। हाल ही में चीन ने दक्षिणी चीन सागर में एशिया का सबसे बड़ा पोत बनाया है।

    जानकारी के अनुसार यह पोत कृत्रिम द्वीप का निर्माण करने के लिए बनाया गया है। चीन ऐसा करके विवादित जगह पर अपना वजूद स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।

    सरकारी अखबार चाइना डेली की खबर के अनुसार शुक्रवार को देश के पूर्वी प्रांत जियांग्सू में इस पोत का अनावरण किया गया। इस पोत का नाम तियान कुन हाओ है।  यह पोत एक घंटे में 6,000 घन मीटर खुदाई करने की क्षमता रखता है। वहीं इसका क्षेत्रफल तीन तरणतालों के बराबर बताया गया है।

    एशिया का सबसे बड़ा व शक्तिशाली पोत

    जानकारी के अनुसार पोत के परीक्षण का काम अगले साल जून में पूरा हो जाएगा। यह एशिया में सबसे शक्तिशाली पोत माना जा रहा है। अखबार ने पोत को ‘मैजिक आइलैंड मेकर’ नाम दिया है।

    गौरतलब है कि दक्षिणी चीन सागर में अपने वर्चस्व को लेकर चीन का कई पड़ोसी देशों से विवाद चल रहा है। दक्षिणी चीन सागर पर कई अन्य देश भी अपना हक जता रहे है।

    इस सागर पर पडोसी देशों के साथ चीन का विवाद लगातार जारी है। इसके बावजूद भी विवादित दक्षिणी चीन सागर में चीन अपनी शक्तियों में इजाफा कर रहा है।

    चीन को लग रहा है कि उसके पोत निर्माण के कदम से अन्य देश इसका विरोध कर सकते है। इसलिए हाल ही में एक दिन पहले ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपनी सेना को युद्ध के लिए तैयार रहने और उसे जीतने के लिए निर्देश दिया था।