Sat. Apr 20th, 2024

    बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान यास बेहद गंभीर तूफान में तब्दील हो गया। चक्रवात यास तेजी से ओडिशा के दक्षिण में बालासोर के पास बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात यास के थोड़ी ही देर में ओडिशा-बंगाल के तट के पास टकराने की आशंका है। आईएमडी के मुताबिक, यास नाम का ये तूफान गंभीर चक्रवाती तूफान जब तट से टकराएगा, तब 130-140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 9 बजे से लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। चक्रवात यास के टकराने के पहले से बाद तक करीब छह घंटे तक इसका असर रहेगा।

    तीन-चार घंटे तक जारी रहेगा यास तूफान का लैंडफॉल

    ओडिशा के स्पेशल रिलीफ कमिश्नर पीके जीना ने बताया कि चक्रवाती तूफान यास के लैंडफॉल की प्रक्रिया सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई और यह करीब तीन-चार घंटे तक जारी रहेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि तूफान दोपहर एक बजे तक मैदानी इलाकों की तरफ बढ़ जाएगा। यह धामरा और बालासोर के बीच लैंडफॉल बना रहा है। उन्होंने आगे कहा कि चक्रवाती तूफान ‘यास’ बालासोर (ओडिशा) से लगभग 50 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केंद्रित है और यह कुछ समय तक बालासोर की ओर रजारी रहेगा। दोपहर के बाद यह मयूरभांज जिले में प्रवेश करेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे की तेजी से बह सकती है।

    लैंडफॉल से पहले ही दिखने लगा यास का असर

    बंगाल में चक्रवाती तूफान यास के लैंडफॉल से पहले ही असर दिखने लगा है। न सिर्फ समुद्र में हलचल देखने को मिल रही है, बल्कि तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो रही है। चक्रवाती तूफान ‘यास’ के लैंडफाल से पहले पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के दीघा में समंदर में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं।

    बिहार और झारखंड में भी दिखेगा असर

    चक्रवाती तूफान यास की आहट बिहार और झारखंड में भी दिखने लगी है। इसके चलते बिहार के कई जिलों में जमकर बारिश हुई तो कई जिलों में बादल छाए रहे। वहीं, तूफान को लेकर पूरे राज्य में अलर्ट है। आपदा विभाग के साथ ही मौसम विभाग ने भी लोगों से घरों में रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।

    बंगाल की खाड़ी से झारखंड होता हुआ तूफान बुधवार को राज्य के दक्षिणी व मध्य हिस्से से प्रवेश करेगा। इन्हीं इलाकों में इसका ज्यादा असर दिखेगा, हालांकि प्रभावित पूरा बिहार होगा। राज्य में यास का सबसे ज्यादा असर 27 और 28 मई को दिखेगा। उधर, यास का प्रभाव झारखंड के संताल-कोयलांचल में दिखा। जमशेदपुर समेत कई जगहों पर बारिश हुई। यहां भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।

    By आदित्य सिंह

    दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास का छात्र। खासतौर पर इतिहास, साहित्य और राजनीति में रुचि।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *