Thu. Apr 18th, 2024
    kiren rijiju

    नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)| केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू (kiren rijiju) ने हाल ही में विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का बुधवार को अभिनंदन किया। नीदरलैंड्स में खेली गई इस प्रतियोगिता में भारत ने ओलम्पिक कोटा हासिल किया है। रिजिजू ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) मुख्यालय में खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें टोक्यो ओलम्पिक -2020 का कोटा हासिल करने के लिए बधाई दी।

    भारत ने इस टूर्नामेंट में एक रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किया जो भारत का विश्व चैम्पियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत ने 2015 में इस टूर्नामेंट में दो रजत पदक जीते थे।

    भारत की पुरुष रिकर्व टीम अतानु दास, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव ने रजत पदक अपने नाम किया था। इस पदक के साथ भारत की पुरुष टीम ने अगले साल टोक्यो में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए कोटा हासिल कर लिया। साथ ही पुरुष वर्ग में रिकर्व श्रेणी में तीन व्यक्तिगत स्पर्धा में भी स्थान पक्का कर लिया है।

    महिला वर्ग में ज्योति सुरेखा वेनम ने भारत को कम्पाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाया।

    रिजिजू ने कहा, “हमारी महिला और पुरुष टीम हाल ही में विश्व चैम्पियशिप खेलकर लौटी है। मैं इस बात से बेहद खुश हूं कि पुरुष टीम ने ओलम्पिक कोटा हासिल कर लिया है। साथ ही महिला खिलाड़ी भी आत्मविश्वास से भरी हैं। भारत पारंपरिक तौर पर तीरंदाजी में काफी मजबूत रहा है और अगर हम ओलम्पिक स्वर्ण पदक जीत सकते हैं तो हम इस बात को साबित कर देंगे।”

    खेल मंत्री ने कहा, “सरकार अपनी तरफ से इन खिलाड़ियों का पूरा समर्थन देगी, साथ ही उनको भी जिन्होंने अन्य खेलों में अच्छा किया है और जिनमें ओलम्पिक पदक जीतने का दम है।”

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *