Fri. Apr 19th, 2024
    केन्या राष्ट्रपति

    केन्या के राष्ट्रपति पद पर मंगलवार को उहरु केन्याता ने दूसरी बार शपथ ली है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवाल को दूसरे कार्यकाल के लिए उहरु केन्याता ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली है। 55 वर्षीय उहरु केन्याता केन्या देश के संस्थापक के बेटे है।

    केन्याता का दूसरा कार्यकाल 5 साल का होगा। गौरतलब है कि उहरु केन्याता ने केन्या के प्रमुख अनुभवी विपक्षी नेता व लंबे समय तक प्रतिद्वंद्वी रहे रैला ओडिंगा को हराया है। केन्याता ने नैरोबी के कसरानी स्टेडियम में राष्ट्रपति पद की शपथ ली।

    केन्याता के शपथ समारोह के दौरान पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पडे। दरअसल स्टेडियम के बाहर बड़ी संख्या में केन्याता के समर्थक खुशी जाहिर कर रहे थे।

    इस दौरान वे स्टेडियम के अंदर आने की कोशिश करने लगे। तभी पुलिस ने बेकाबू हुए प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। अक्टूबर में दोबारा हुए राष्ट्रपति चुनावों में केन्याता को 98 प्रतिशत वोट मिले।

    चुनाव आयोग ने दी बधाई

    केन्या के स्वतंत्र चुनाव व सीमा आयोग के अध्यक्ष वाफुला चेबूकती ने कहा कि मैं केन्या के राष्ट्रपति पद पर हुए चुनावों में विजेताओं को बधाई देता हूं।

    इसके अलावा वाफुला ने केन्या के राष्ट्रपति पद पर उहरु केन्याता व उपराष्ट्रपति पद पर विलियम समोइ रूतो को चुने जाने की घोषणा की। हालांकि चुनावी आयोग ने यह भी कहा है कि इस चुनाव में एक प्रमुख विपक्षी बहिष्कार के कारण केवल 39 प्रतिशत मतदाता ही निकले।

    केन्या के राष्ट्रपति उहरु केन्याता ने अपने भाषण में समर्थकों को कहा कि मैं इस जगह पर पहले भी आया हूं। ये आप सब जानते है। आज मैं केन्याई के रूप में जश्न मना रहा हूं।

    आगे कहा कि हमारे लोकतंत्र व लोगों के बीच में लचीलापन है। साथ ही केन्याता ने इस अवसर पर भगवान का शुक्रिया भी अदा किया। गौरतलब है कि चुनाव के समय में हिंसक झड़प भी हुई थी।