Tue. Apr 23rd, 2024
    उमंग ऐप की जानकारी

    सरकार द्वारा की गई घोषणा के एक साल बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने वैश्व‍िक साइबर स्पेस सम्मेलन में उमंग ऐप को लॉन्च किया। उमंग यानि यूनीफाइड मोबाइल एप्लिकेशन फॉर न्यू एज गवर्नेंस के जारिए आप करीब 200 से भी ज्यादा सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। उमंग ऐप के जरिए ना केवल आप पासपोर्ट तथा पैन नंबर आदि के लिए अप्लाई कर सकते हैं बल्कि आधार, गैस सिलेंडर बुकिंग आदि की भी सेवाएं ले सकते हैं।

    इसके जरिये सरकार ‘डिजिटल इंडिया’ योजना को भी बढ़ावा दे रहा है। आपको बता दें कि भारत में 95 करोड़ से ज्यादा लोग मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में सरकार की कोशिश है कि मोबाइल के जरिये विभिन्न सेवाओं को लोगों तक पहुँचाया जाए।

    आइए जानें उन प्रमुख सरकारी सेवाओं के बारे में जिनसे उमंग के जरिए लाभ उठाया जा सकता है : 

    • आधार कार्ड

    आप उमंग ऐप के जरिए डिजि लॉकर अकाउंट से अपने आधार कार्ड की जानकारी हासिल कर सकते हैं, साथ ही डाउनलोड भी कर सकते हैं। डाक्यूमेंट नहीं होने की स्थिति में डिजि लॉकर वेबसाइट से डाउनलोड करें।

    • एआईसीटीई

    आॅल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल ऐजुकेशन मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधीन एक संवैधानिक संस्था है। एआईसीटीई की सभी सेवाएं उमंग ऐप पर उपलब्ध हैं, जिसके जरिए आप एआईसीटीई ये अप्रूव्ड कॉलेज तथा शैक्षणिक संस्थाओं की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं।

    • एकेपीएस यानि अन्नपूर्णा कृषि प्रसार सेवा

    एकेपीएस यानि अन्नपूर्णा कृषि प्रसार सेवा मोबाइल आधारित एग्रो एडवाइजरी सर्विस है। एकेपीएस के जरिए आप कृषि संबंधी सभी जानकारियां हासिल कर सकते हैं। इसके लिए आपको उमंग एप पर डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू.एकेपीएस.इन एंटर करना होगा।

    • भारत बिल पे

    भारत बिल पे आॅनलाइन पेमेंट के लिए बनाया गया है। भारत बिल पे के माध्यम से सुरक्षित तरीके से डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं। इस जरिए आप बिजली-पानी का बिल, डीटीएच, टेलिफोन बिल तथा गैस सिलेंडर की राशि भी जमा सकते हैं।

    • भारत गैस

    भारत गैस के जरिए आप विभिन्न गैस एजेंसियों से सिलेंडर बुक करा सकते हैं, और संबंधित डिस्ट्रीब्यूटर को आॅनलाइन पेमेंट भी कर सकते हैं।

    • सीबीएसई

    आप उमंग ऐप के जरिए सीबीएसई के एग्जाम रिजल्ट तथा परीक्षा केंद्रों की जानकारी ले सकते हैं। यही नहीं आप प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं।

    • सीपीग्राम्स

    इस साइट के जरिए आप अपनी कोई ​भी शिकायत केंद्र तथा राज्य सरकार से जुड़े विभिन्न मंत्रालयों तथा विभागों में दर्ज करा सकते हैं।

    • क्रॉप इंश्योरेंस मतलब फसली बीमा

    क्रॉप इंश्योरेंस सेवा के जरिए किसान अपनी फसली बीमा की प्रीमियम और कुल इंश्योरेंस अमाउंट की जानकारी हासिल कर सकते हैं।

    • सीआरपीएफ

    सीआरपीएफ डिपार्टमेंट के कर्मचारी ईमेल के जरिए अपने यूनिट हेड तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं।

    • डिजि सेवक

    डिजिसेवक एक ऐसा नेशनल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए उन सभी सरकारी संगठनों में फ्री लांसिंग जॉब्स के लिए अप्लाई कर सकते हैं तथा जानकारी भी हासिल कर सकते हैं।

    • डीएमआई

    कृषि मंत्रालय के अधीन डीएमआई के जरिए किसान अपने उत्पादों के मंडी भाव की जानकारी हासिल कर सकता है।

    • ई-धरा लैंड रिकॉर्ड्स

    इस सेवा के जरिए घर बैठे कोई भी व्यक्ति जिला, तहसील, तालुका तथा गावं में स्थित अपनी जमीन के रिकॉर्ड की जानकारी हासिल कर सकता है।

    • ईमाइग्रेट

    विदेशी नौकरी संबंधी समस्या तथा विदेशी प्रवास संबंधी जानकारी के लिए आप इस एप पर एप्लीकेशन दे सकते हैं।

    • ई-पाठशाला

    इस एप के जरिए विद्यार्थी एनसीआरटी से जुड़े आॅडियो, वीडियो तथा ई-किताबों का अध्ययन कर सकते हैं।

    • ईपीएफओ

    इस एप के जरिए नौकरीपेशा या फिर सेवानिवृत्त शख्स अपने पीएफ की पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।

    • ई राही

    सुखद यात्रा एप्लीकेशन के जरिए यूजर्स नेशनल हाईवे स्थित टॉल प्लाजा आदि की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

    • एचपी गैस

    एचपी गैस के सभी कंज्यूमर्स इस एप के जरिए सिलेंडर बुक करा सकते हैं, साथ ही बिल पेमेंट करा सकते हैं। यहीं नहीं गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी आदि की जानकारी हासिल कर सकते हैं।

    • इंडेन गैस

    इंडेन गैस उपभोक्ता एलपीजी से संबंधित सभी सेवाओं जैसे सिलेंडर बुकिंग, पेमेंट, सब्सिडी आदि की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

    • जीवन प्रमाण

    यह सेवा केवल पेंशनर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है। इस सेवा के जरिए आप लाइफ सर्टिफिकेट बनवा सकते हैं, इससे जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

    • केंद्रीय विद्यालय संगठन

    इस ऐप के जरिए आप केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन, एग्जाम रिजल्ट आदि संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं।

    • किसान सुविधा

    कृषि मंत्रालय के अधीन किसान सुविधा सेवा के जरिए देश के सभी किसान तुरंत फसली जानकारी तथा मौसम आदि की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

    • नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल

    इस के जरिए पूरे देश में लागू विभिन्न छात्रवृत्ति स्कीम की जानकारी प्राप्त होती है।

    • आॅनलाइन जॉब एप्लीकेशन सिस्टम यानि ओजस

    इस सेवा के जरिए आप गुजरात सरकार द्वारा जारी सभी भर्ती परीक्षाओं की जानकारी डाउनलोड कर सकते हैं।

    • परिवहन सेवा, सार​थी

    डिजि अकाउंट लॉकर के जरिए आप अपना ड्राइविंग लाइसेंस डानलोड कर सकते हैं।

    • पे इनकम टैक्स

    इस सेवा के जरिए करदाता सभी प्रकार के टैक्स आसानी से सबमिट कर सकते हैं। करदाता अपने टैक्स चालान की स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।

    • प्रधानमंत्री आवास योजना

    इस एप के जरिए प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी गरीबों को मिलने वाली आवासीय सुविधाओं की जानकारी हासिल की जा सकती है।
    गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा जारी यह उमंग एप अंग्रेजी सहित 12 भाषाओं में उपलब्ध है।

    आईटी मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उमंग एप को तैयार करने में सॉफ्टवेयर, ऐप डेवलपर्स और सरकारी अधिकारियों की एक बड़ी टीम जुटी हुई थी। इस एप के जरिए देश के नागरिक आसानीपूर्वक सभी सरकारी सेवाएं सर्च कर सकते हैं तथा डाउनलोड आदि कर सकते हैं।

    आप को बता दें कि देश में मौजूद 905 मिलियन फोन यूजर्स में करीब 70 मिलियन यूजर्स ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं। सरकारी द्वारा जारी अधिकांश ऐप्स हिंदी, तमिल, तेलगू, बंगाली, गुजराती और विभिन्न अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में विकसित किए गए हैं।

    इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से विशिष्ट उद्देश्यों के तहत ऐप्लीकेशन विकसित करने और बढ़ावा देने के लिए स्थायी आदेश दिया गया है। क्योंकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या में काफी इजाफा हुआ है।