Thu. Apr 25th, 2024

    उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता जिंदगी से लड़ते हुए हार गई। शुक्रवार रात 11.40 पर पीड़िता का सफदरजंग अस्पताल में निधन हो गया। इसकी जानकारी पीड़िता की बहन ने दी। अस्पताल के बर्न और प्लास्टिक सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. शलभ कुमार ने पीड़िता के निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि रात करीब 11.10 पर पीड़िता के हृदय ने काम करना बंद कर दिया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और रात 11.40 पर उसका निधन हो गया था।

    हालांकि 90 प्रतिशत से भी ज्यादा जल चुकी उप्र की इस पीड़िता ने आखिरी वक्त तक भी हार नहीं मानी थी। गुरुवार रात 9 बजे तक वह होश में थी। जब तक होश में थी कहती रही- मुझे जलाने वालों को छोड़ना मत। फिर नींद में चली गई, डक्टरों ने पूरी कोशिश की, वेंटिलेटर पर रखा लेकिन वो नींद से नहीं उठी।

    पीड़िता के पिता ने की हैदराबाद एनकाउंटर की तरह सजा की मांग

    पीड़िता की मौत से दुखी पिता ने हैदराबाद एनकाउंटर की तरह दरिदों को सजा मिलने की मांग की है। पीड़िता के पिता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुझे किसी धन की लालच नहीं है। मेरी सिर्फ एक ही मांग है कि मेरी बेटी को मौत के बाद इंसाफ मिले। उन्होंने सरकार से एनकाउंटर या तो फांसी की सजा की मांग की। पीड़िता के पिता ने बताया कि आज सफदरजंग अस्पताल में बेटी का पोस्टमार्टम होगा। उसके बाद परिजन उसका शव लेकर उन्नाव लाएंगे।

    मृतक बलात्कार पीड़िाता के भाई

    उन्नाव बलात्कार पीड़िता का भाई ने कहा कि ‘मेरे पास कहने के लिए वास्तव में कुछ भी नहीं है। मेरी बहन हमारे साथ नहीं है, मेरी एकमात्र मांग यह है कि पांचों आरोपी मौत के लायक हैं और कुछ भी कम नहीं है।’

    उत्तर प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्ममंत्री अखिलेश यादव लखनऊ में विधानसभा के बाहर उन्नाव दुष्कर्म मामले के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए हैं। अखिलेश यादव के साथ प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और राजेन्द्र चौधरी भी धरने पर हैं।

    इस दौरान अखिलेश ने मीडिया से कहा, “उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री, गृह सचिव, डीजीपी के हटे बिना बेटियां सुरक्षित नहीं हो सकतीं।”

    उन्होंने कहा, “हैदराबाद की घटना के बाद से गुस्से में था। इसके बाद उन्नाव की घटना। उन्नाव में जो हुआ, वह भाजपा के शासन में यह पहली घटना नहीं है। वह बेटी बहुत बहादुर थी और उसकी आखिरी शब्द थे कि वह जिंदा रहना चाहती है। आज हमारे लिए काला दिवस है। एक बेटी को यूपी में न्याय पाने के लिए आत्मदाह करना पड़ा।”

    उन्होंने कहा, “याद कीजिए उन्नाव की एक बेटी ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर आकर खुद की जान देने की कोशिश की थी। बाराबंकी की बेटी ने आत्मदाह कर लिया, उसकी जान नहीं बची।”

    अखिलेश यादव ने कहा कि उन्नाव की बेटी की जान नहीं बचाई जा सकी। इस केस में जो आरोपी हैं, वे भाजपा से जुड़े हुए हैं। कल हम उन्नाव बलात्कार मामले को लेकर राज्य के सभी जिलों में एक शोभा सभा करेंगे।

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गंधी वाड्रा

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर उन्नाव की ओर अपना रुख किया है। प्रियंका गांधी ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा, “मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्नाव पीड़िता के परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत दें।”

    उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की और कहा, “यह हम सबकी नाकामी है कि हम उसे न्याय नहीं दे पाए। सामाजिक तौर पर हम सब दोषी हैं, लेकिन यह उत्तर प्रदेश में खोखली हो चुकी कानून-व्यवस्था को भी दिखाता है।”

    प्रियंका ने सवाल किया कि राज्य में महिलाओं पर अत्याचार क्यों बढ़ रहे हैं और उन्नाव में पिछली घटना को देखते हुए पीड़िता को कोई सुरक्षा क्यों नहीं दी गई।

    उन्होंने लिखा, “उन्नाव की पिछली घटना को ध्यान में रखते हुए सरकार को तत्काल पीड़िता को सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? जिस अधिकारी ने उसका एफआईआर दर्ज करने से मना किया, उस पर क्या कार्रवाई हुई?” प्रियंका ने आगे कहा, “उप्र में रोज रोज महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसको रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है?”

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लखनऊ के अपने सारे निर्धारित कार्यक्रम को अचानक रद्द कर शनिवार दोपहर उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी थे। कांग्रेस महासचिव ने परिजनों के साथ मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की और परिवार को न्याय दिलाने व हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं।

    पीड़िता के परिजनों से मुलाकात करने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, लेकिन उन्होंने राज्य को बदल दिया है, मुझे लगता है कि यहां महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं है।’

    उन्होंने आगे कहा कि, पीड़िता का पूरा परिवार पिछले साल से लगातार परेशान है। मैंने सुना है कि दोषियों का भाजपा से कुछ नाता है। इसीलिए उन्हें बचाया जा रहा है। राज्य में अपराधियों में कोई डर नहीं है।

    भाजपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य

    उन्नाव बलात्कार पीड़िता के आवास पर जाकर परिजनों से मिलने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘पीड़ित के परिवार की जो भी जांच चाहेगा, हम करेंगे। पीड़िता ने जो नाम लिए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। यह राजनीति का विषय नहीं है।

    भाजपा सांसद साक्षी महाराज

    उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज से भी उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के घर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘मैं अपनी पार्टी के साथ पीड़ित परिवार के समर्थन में हूं। मैं संसद में भी इसके बारे में मुखर रहा हूं। अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्नाव का नाम बदनाम किया गया है।

    दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल

    दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख, स्वाति मालीवाल ने कल रात उन्नाव बलात्कार पीड़िता की मौत पर कहा कि ‘मैं उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि इस मामले (उन्नाव बलात्कार मामले) में बलात्कारियों को एक महीने के भीतर फांसी दी जानी चाहिए।’

    उत्तर प्रदेश न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक

    उत्तर प्रदेश न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्नाव बलात्कार मामले पर कहा कि ‘यह दुखद है कि पीड़िता आज हमारे साथ नहीं है। हम इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने के लिए आज संबंधित अदालत में अपील करेंगे। हम मामले में प्रतिदिन सुनवाई के लिए भी अपील करेंगे।’

    उन्नाव में पिछले 11 महीनों में 86 बलात्कारों की रिपोर्ट पर न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ‘इन मामलों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। हम दोषियों को नहीं छोड़ेंगे, वे चाहें कितने भी शक्तिशाली हों। हम सख्त कार्रवाई करेंगे।

    उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मौत पर शनिवार को दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हम इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री योगी ने जारी एक बयान में कहा कि घटना बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

    उन्होंने कहा कि सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पीड़िता की मौत पर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए योगी ने कहा कि हम इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेंगे।

    उत्तर प्रदेश उपमुख्मंत्री केशव प्रसाद मौर्य

    उन्नाव बलात्कार पीड़िता के निधन पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, मैं सोच भी नहीं सकता कि पीड़िता के परिवार पर क्या बीत रही होगी। मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हम दोषियों को नहीं बख्शेंगे, उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलवाएंगे’

    कांग्रेस नेता रणजीत रंजन

    कांग्रेस नेता रणजीत रंजन ने कहा कि ‘​​जेलों में बंद सभी बलात्कारियों को सड़कों पर लाकर फांसी देनी चाहिए। यह लोगों को संदेश देगा कि अगर इस तरह की वारदात दोहराई जाती है, तो उनका भाग्य समान होगा।’

    बसपा प्रमुख मायावती

    उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की शुक्रवार की मौत के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती ने दुख जताते हुए मांग की है कि उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार को समुचित न्याय दिलाने हेतु शीघ्र ही विशेष पहल करे। उन्होंने ट्वीट किया,”जिस उन्नाव रेप पीड़िता को जलाकर मारने की कोशिश की गई,उसकी कल रात दिल्ली में हुई दर्दनाक मौत अति-कष्टदायक। इस दुख की घड़ी में बीएसपी पीड़ित परिवार के साथ है। यूपी सरकार पीड़ित परिवार को समुचित न्याय दिलाने हेतु शीघ्र ही विशेष पहल करे, यही इंसाफ का तकाजा व जनता की मांग है।”

    मायावती ने आगे लिखा, “इस किस्म की दर्दनाक घटनाओं को यूपी सहित पूरे देशभर में रोकने हेतु राज्य सरकारों को चाहिए कि वे लोगों में कानून का खौफ पैदा करे तथा केन्द्र भी ऐसी घटनाओं को मद्देनजर रखते हुए दोषियों को निर्धारित समय के भीतर ही फांसी की सख्त सजा दिलाने का कानून जरूर बनाए।”

    ज्ञात हो कि गुरुवार (5 दिसंबर, 2019) को युवती दुष्कर्म के मामले में पैरोकारी के लिए रायबरेली जा रही थी। तभी कुछ लोगों ने उसपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। उसके बयान के आधार पर सभी आरोपित गुरुवार को ही गिरफ्तार कर लिए गए थे। 43 घंटे तक उसने जिंदगी के लिए संघर्ष किया, लेकिन दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शुक्रवार रात 11.40 बजे उसकी मौत हो गई।

     

     

     

     

     

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *