Tue. Apr 23rd, 2024
    voting

    लखनऊ, 24 मई (आईएएनएस)| लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद अब उप्र की 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने होंगे, क्योंकि इन सीटों के मौजूदा विधायक लोकसभा के लिए निर्वाचित हो गए हैं। हालांकि इन सीटों पर उपचुनाव कब होंगे, इसका निर्णय निर्वाचन आयोग को अभी करना बाकी है।

    भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के आठ विधायकों ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कराई है। भाजपा के इन आठ विधायकों में तीन राज्य सरकार में मंत्री थे। इसके अलावा अपना दल, सपा और बसपा के भी एक-एक विधायक चुनाव जीतकर सांसद बन गए हैं।

    लखनऊ कैंट से विधायक और मंत्री रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद संसदीय सीट से निर्वाचित हुई हैं। आगरा के टूंडला से विधायक और मंत्री एस.पी. सिंह बघेल आगरा से सांसद निर्वाचित हुए हैं। कानपुर के गोविंद नगर से विधायक और योगी सरकार के मंत्री सत्यदेव पचौरी कानपुर से चुनाव जीतकर संसद पहुंच गए हैं।

    प्रतापगढ़ सदर सीट से अपना दल के विधायक संगम लाल गुप्ता ने भी लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कराई है। सहारनपुर की गगोह सीट से भाजपा विधायक प्रदीप कुमार कैराना से सांसद चुने गए हैं। चित्रकूट की मानिकपुर सीट से भाजपा विधायक आर.के. सिंह पटेल बांदा से सांसद निर्वाचित हुए हैं। बाराबंकी के जैतपुर से विधायक उपेंद्र सिंह अब बाराबंकी से सांसद निर्वाचित हो गए हैं। बहराइच के बलहा क्षेत्र के विधायक अक्षयवर लाल गोंड भी सांसद चुने गए हैं। वहीं अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र से भाजपा विधायक राजवीर सिंह दिलेर हाथरस सीट से निर्वाचित हुए हैं।

    समाजवादी पार्टी (सपा) के बड़े नेता आजम खान रामपुर से सांसद चुन लिए गए हैं। इसलिए वहां पर भी उपचुनाव होगा। अंबेडकर नगर की जलालपुर सीट से बसपा विधायक रितेश पांडे अंबेडकर नगर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार सांसद पहुंचे हैं।

    गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2019 के आए परिणामों में भाजपा को 62 सीटों पर जीत मिली है, तो सपा-बसपा गठबंधन को महज 15 सीटों पर ही संतोष करना पड़ना है। जबकि कांग्रेस को मात्र एक सीट रायबरेली की मिली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी सीट हार गए हैं।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *