Sat. Apr 20th, 2024
    उत्तर कोरिया अमेरिका मिसाइल

    उत्तर कोरिया के खतरनाक मंसूबे खत्म होने की जगह लगातार बढ़ रहे है। जिस वजह से अमेरिका सहित दुनिया के कई देश चिंतित है। अमेरिका ने गुरूवार को उत्तर कोरिया के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उत्तर कोरिया बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी पर लगातार काम कर रहा है।

    अमेरिका को पता चला है कि बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी के निर्माण की गतिविधियों में उत्तर कोरिया काफी तेजी से विस्तार कर रहा है। इस बात की जानकारी का पता उत्तरी कोरियाई नौसेना शिपयार्ड के इस महीने के उपग्रह छवियों से चला है।

    इन चित्रों को देखने से पता चला है कि उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग अपनी पहली परिचालन बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी पर तेजी से काम कर रहा है। गौरतलब है कि अमेरिका, उत्तर कोरिया पर निगरानी बनाए रखे हुए है। लेकिन उत्तर कोरिया व अमेरिका के बीच में विवाद कम होने की जगह बढ़ रहा है।

    अमेरिका पर मंडरा रहा संकट का छाया

    अमेरिका को शंका है कि उत्तर कोरिया इन बैलिस्टिक मिसाइल का प्रयोग अमेरिका पर हमले के लिए कर सकता है। इससे पहले भी उत्तर कोरिया का तानाशाह किम जोंग अमेरिका को परमाणु हमले की धमकी दे चुका है।

    अमेरिका की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि समुद्र में पनडुब्बी के दबाव की धाराओं की उपस्थिति से पता चलता है कि उत्तर कोरिया एक नई पनडुब्बी का निर्माण कर रहा है।

    इस पनडुब्बी को सिंपो-सी बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी माना जा रहा है। अमेरिका ने कहा कि उत्तर कोरियाई शिपयार्ड के केंद्र में निरंतर गतिशीलता हो रही है। साथ ही इसके निर्माण के उपग्रह से चित्र भी लिए गए है।

    उत्तर कोरिया के इस बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी के निर्माण में तेजी देखने से अमेरिका की चिंता बढ़ गई है। तानाशाह किम जोंग ने डोनाल्ड ट्रम्प को अमेरिका को तबाह करने की धमकी दे रखी है। जिसके मद्देनजर हाल ही में ट्रम्प ने एशियाई दौरा किया था।

    जिस दौरान ट्रम्प ने सभी देशों से उत्तर कोरिया पर दबाव बनाए जाने की अपील की थी। लेकिन अभी भी उत्तर कोरिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। ये लगातार अपनी शक्तियों में बढ़ोतरी करते हुए अंतरराष्ट्रीय संकट पैदा कर रहा है।