Thu. Apr 25th, 2024
    चीन उत्तर कोरिया

    उत्तर कोरिया पर चीन का रवैया सख्त होता नजर आ रहा है। अब चीन ने उत्तर कोरिया से जुड़ने वाली मुख्य सड़क मार्ग को बंद कर दिया है। जिस वजह से इस रास्ते से अब चीन व उत्तर कोरिया के बीच में व्यापार नहीं हो सकेगा।

    शुक्रवार को चीन ने अपने बयान में कहा कि उत्तर कोरिया की तरफ जाने वाले एक ब्रिज को कुछ समय के लिए बंद किया जा रहा है। चीन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने बताया कि यालू नदी पर बने चाइना-नॉर्थ कोरिया फ्रेंडशिप ब्रिज को बंद किया जा रहा है।

    ऐसा ब्रिज की मरम्मत के लिए किया जा रहा है। आगे कहा कि जब मरम्मत का काम पूरा हो जाएगा, इस रास्ते को फिर से खोल दिया जाएगा। लेकिन ये नहीं बताया गया कि इस ब्रिज को कब से वापिस शुरू किया जा सकेगा।

    इस बारे में कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई गई। जिससे लग रहा है कि चीन ने ये कदम उत्तर कोरिया के साथ व्यापार व आवागमन को रोकने के लिए उठाये है।

    उत्तर कोरिया पर बन रहा दबाव

    गौरतलब है कि इससे पहले चीन की एयरलाइंस एयर चाइना ने उत्तर कोरिया जाने वाली सभी विमान सेवाओं को भी रद्द कर दिया था। उत्तर कोरिया अपना 90 प्रतिशत व्यापार चीन के साथ ही करता है।

    चीन के द्वारा लगाए गए इस प्रतिबंधों से उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार निर्माण कार्यक्रम को धक्का लग सकता है।

    अमेरिका ने चीन से अनुरोध किया था कि वो उत्तर कोरिया से व्यापार को बंद कर दे। हालांकि हाल ही में चीन के एक विशेष अधिकारी ने उत्तर कोरिया की यात्रा भी की थी। चीन अब धीरे-धीरे उत्तर कोरिया से अप्रत्यक्ष तौर पर दूरी बना रहा है।

    वहीं अमेरिका ने भी हाल ही में उत्तर कोरिया को चरमपंथी बढाने वाले समूह की प्रतिबंधित सूची में डालकर उस पर कई तरह के व्यापारिक प्रतिबंधों का ऐलान किया था।