Thu. Apr 25th, 2024
    indian national lok dal

    इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने शुक्रवार को हरियाणा में लोकसभा की तीन और सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी ने इसके पहले बुधवार को छह सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए थे।

    इनेलो ने अभय सिंह चौटाला के छोटे बेटे और पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के परपोते अर्जुन चौटाला को कुरुक्षेत्र सीट से उम्मीदवार बनाया है।

    इसके अतिरिक्त इनेलो ने रोहतक सीट पर पूर्व सैनिक धरमबीर फौजी को उम्मीदवार बनाया है।

    पार्टी ने भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट के लिए एक अन्य पूर्व सैनिक बलवान सिंह फौजी को उम्मीदवार घोषित किया है।

    हरियाणा में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 23 अप्रैल है।

    इनेलो ने इसके पहले सांसद चरणजीत सिंह रोरी को सिरसा सीट से दोबारा उम्मीदवार घोषित किया था।

    बुधवार को घोषित अन्य उम्मीदवारों में रामपाल वाल्मीकि (अंबाला-सुरक्षित), महेंद्र सिंह चौहान (फरीदाबाद), सुरेश कोट (हिसार), सुरेंद्र चिकारा (सोनीपत) और धरमबीर पाडा(करनाल) शामिल है।

    इनेलो ने 2014 के संसदीय चुनाव में दो सीटें (हिसार और सिरसा) जीती थी। पार्टी के हिसार से सांसद दुश्यंत चौटाला ने पिछले साल दिसंबर में बगावत कर अपनी जननायक जनता पार्टी बना ली।

    राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर इस बार बहुकोणीय मुकाबले की संभावना है। मतदान 12 मई को होना है।

    मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, इनेलो, जननायक जनता पार्टी-आम आदमी पार्टी गठबंधन और लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के बीच है।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *