Sat. Apr 20th, 2024
    मेनका गांधी

    महाराष्ट्र में आदमखोर बाघिन को मार गिराने के बाद राजनीति तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने महाराष्ट्र के पर्यावरण और वन मंत्री सुधीर मुंगांतिवार पर निशाना साधते हुए बाघिन अवनि (टी 1) की हत्या को बर्बर करार दिया।

    मेनका गाँधी के बयान के एक दिन बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यदि इस बाघिन के शिकार में कोई चूक हुई है तो इसकी जांच की जायेगी।

    बाघिन अवनी (टी1) को यवतमाल जिले में शूटर असगर अली ने शुक्रवार की रात गोली मार दी थी। इस बाघिन पर आरोप था कि ये आदमखोर है और इसने 14 लोगों का शिकार किया था।

    पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उन्होंने (मेनका) बर्बर शब्द का इस्तमाल किया है। हम उनकी भावनाओं को समझते हैं। अवनी की मौत से पशु प्रेमियों की भावना आहत हुई है। ये बहुत ही मुश्किल निर्णय था। नियमों का सही से पालन हुआ या नहीं इसकी जांच की जायेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि पहले अवनी को जिन्दा पकड़ने की कोशिश की गई। लेकिन जब उसने हमला किया तो उसे मारना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस हत्या के बाद कोई भी खुश नहीं है। फारेस्ट डिपार्टमेंट को ये निर्णय मजबूरी में लेना पड़ा जब बाघिन ने 13-14 लोगों को मार डाला। अगर किसी के मन में कोई शंका है तो उसकी जांच की जायेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हम बाघों की आबादी में वृद्धि और वन्यजीवन संरक्षण के बारे में बात करते हैं, और फिर दुर्भाग्यवश ऐसा निर्णय लेना पड़ता है। बाघ बहुत ही सज्जन है। वह केवल तभी हमला करता है जब उसके अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन किया जाता है। मेरे पास प्रारंभिक रिपोर्टों है जिसमे कहा गया है कि बाघ ने वन विभाग की टीम पर हमला किया और उसे आत्मरक्षा में गोली मार दी गई।

    शिकार के लिए शिकारी असगर अली की नियुक्ति पर भरी विवाद है। मुख्यमंत्री ने इस विवाद पर कहा कि इसका निर्णय वन विभाग की तरफ से लिया गया। किसी भी प्रकार की शंका के समाधान के लिए जांच की जायेगी।

    मेनका गाँधी ने ट्वीट के जरिये महाराष्ट्र के वन और पर्यावरण मंत्री मुंगांतिवार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा ‘इससे पहले उनके निर्देशों पर एक दर्जन तेंदुए और 300 जंगली सूअर मारे गए थे। मुझे आश्चर्य है कि ऐसा व्यक्ति एक मंत्री के पद पर बैठा है। हर बार जब उन्होंने हैदराबाद के शूटर शफात अली खान का इस्तेमाल किया और इस बार शफात के बेटा का इस्तेमाल किया । उसका बेटा मारने के लिए अधिकृत नहीं था।’

    मेनका के आरोपों पर पलटवार करते हुए मुंगांतिवार ने कहा कि ड्राइंग रूम में बैठ कर जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। मेनका के पास जानकारी का अभाव है।

    By आदर्श कुमार

    आदर्श कुमार ने इंजीनियरिंग की पढाई की है। राजनीति में रूचि होने के कारण उन्होंने इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ कर पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया। उन्होंने कई वेबसाइट पर स्वतंत्र लेखक के रूप में काम किया है। द इन्डियन वायर पर वो राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *