Wed. Apr 24th, 2024
    अरविंद केजरीवाल सरकार उपलब्धियां

    भारतीय राजनैतिक अखाड़े में अब तक कांग्रेस और बीजेपी ही दो बड़ी पार्टियाँ नजर आई हैं। अब हालाँकि, अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आम आदमी पार्टी (आप) देश के राजनैतिक पटल पर छाई हुई है। केजरीवाल सरकार नें 2014 में दिल्ली की गद्दी संभाली थी। तब से आज तक पार्टी के नाम कई बड़ी उपलब्धियां हैं।

    शिक्षा

    सरकारी स्कूल दिल्ली सरकारयदि दिल्ली की जनता से केजरीवाल सरकार की उपलब्धियां जानने की कोशिश करें, तो वे शिक्षा में हुए विकास की जरूर चर्चा करेंगे। दिल्ली के चुनावों से पहले आप सरकार नें कहा था कि वे शिक्षा और स्वास्थ्य पर ज्यादा जोर देंगे।

    आप पार्टी का यह दावा काफी हद तक सही साबित हुआ है। दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया नें कहा था कि सरकार के पहले साल में वे शिक्षा के इंफ्रास्ट्रक्चर यानी निर्माण पर जोर देंगे। दुसरे साल में वे शिक्षकों को ट्रेनिंग देंगे, एवं तीसरे साल में वे पढ़ाई के नए अवसर और तरीके ढूंढेंगे।

    साल 2017-18 के बजट में सरकार नें बजट का लगभग एक-चौथाई हिस्सा यानी करीबन 25 फीसदी भाग सिर्फ शिक्षा पर खर्चा करने की बात कही थी। इन पैसों से सरकार 10000 नए कक्षा-कमरे और लगभग 400 पुस्तकालय बनाएगी।

    सरकार नें इसके अलावा हाल ही में कई बातें गिनाई, जिनपर काम पूरा हो चुका है। जैसे,

    • 15,000 कक्षा-कमरे (8000 में काम पूरा)
    • 20 नए स्कूल बने, 28 जल्द होंगे तैयार
    • स्कूलों के शौचालय में साफ़-सफाई
    • शिक्षकों को ट्रेनिंग और जागरूक अभियान का हिस्सा बनाया
    • प्राइवेट स्कूलों की फीस कम करायी

    स्वास्थ्य

    मौहल्ला क्लिनिक केजरीवाल सरकार दिल्लीकेजरीवाल सरकार की मौहल्ला क्लिनिक योजना आज सिर्फ दिल्ली में ही नहीं, पुरे देश में लोगों द्वारा सराही जा रही है। सरकार की इस योजना को अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है।

    इस योजना के तहत केजरीवाल सरकार नें शहर में 1000 क्लिनिक बनाने की बात कही थी। इसमें से अब तक सिर्फ 160 ही बनकर कार्य कर रहे हैं।

    सरकार की इस योजना पर लोगों का कहना है कि अब लोगों को छोटी-मोटी बिमारी के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते हैं। इन मौहल्ला क्लिनिक में छोटे-मोटे चेक-अप और दवाइयाँ लोगों को मुफ्त दी जाती हैं।

    स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार की अब तक की उपलब्धियां कुछ इस प्रकार हैं:

    • 36 बड़े और बहु-कार्यरत अस्पताल, जिनमे लगभग 11000 बेड उपलब्ध हैं।
    • 160 मौहल्ला क्लिनिक, 243 दवाई घर, 43 मोबाइल क्लिनिक, 70 स्कूल क्लिनिक
    • मुफ्त चेक-अप और दवाइयाँ

    पानी

    केजरीवाल सरकार की बड़ी उपलब्धियों में से एक पानी भी है। आम जनता का कहना है कि पहले जहाँ उन्हें दिन में सिर्फ एक घंटे पानी मिलता था, अब उन्हें 4 घंटें पानी मिलता है।

    एक सरकारी अधिकारी नें बताया कि मुख्यमंत्री खुद पानी सम्बन्धी विषयों पर नजर रखते हैं।

    सरकार घरों को 20000 लीटर तक पानी मुफ्त दे रही है। इसके अलावा सरकार बेहतर सप्लाई के लिए नयी पाइपलाइन बनवा रही हैं, जिनमे से 448 का काम पूरा हो चुका है।

    पानी से सम्बन्धी दिल्ली सरकार की उपलब्धियां कुछ इस प्रकार हैं:

    • 12 लाख से ज्यादा कनेक्शन, जिन्हें 20000 लीटर तक फ्री पानी दिया जा रहा है।
    • एक घंटे की बजाय दिन में चार घंटे पानी मिलना
    • पानी बचाने की कई तकनीक पर काम जारी

    बिजली

    केजरीवाल सरकार नें दूसरी बार सत्ता सँभालते ही दिल्ली के घरों के बिजली के बिलों को आधा कर दिया है। हालाँकि इससे सभी लोगों का फायदा नहीं हुआ था। दरअसल, दिल्ली में जो घर एक महीनें में 400 यूनिट तक बिजली खर्च कर रहे थे, उन्हीं के बिलों को आधा किया गया था। अन्य घरों का बिल सामान्य ही रहा था।

    सरकार का मानना था कि इससे करीबन 36 लाख घरों यानी लगभग 90 फीसदी घरों को फायदा मिलेगा। सरकार नें इस नुकसान की भरपाई करने के लिए करीबन 1400 करोड़ रूपए अलग रखे थे।

    दिल्ली के लोगों नें बताया कि आम जनता कम बिलों की वजह से खुश है। हालाँकि बिजली कटौती अभी भी पहले जैसी स्थिति में है, लेकिन लोगों को इस बात की शिकायत नहीं है।

    महिला सुरक्षा

    दिल्ली सरकार नें इस विषय में कड़ी कार्यवाई करते हुए शहर के सभी गंभीर इलाकों की पुलिस द्वारा जांच करने को कहा। इसके अलावा दिल्ली सरकार नें इसी साल 2018 में 1.4 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया है। सरकार नें इसके लिए कॉन्ट्रैक्ट भी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड नामक कंपनी को दे दिया है।

    इसके अलावा आप सरकार नें महिला सुरक्षा के लिए विशेष टीम बनाने का फैसला लिया है। ये टीमें विभिन्न इलाकों में जाकर निगरानी करेंगी। इसके अलावा सरकार नें कहा था कि महिलाओं की असुरक्षा का एक कारण शराब की दुकानें थी। सरकार नें इसपर कार्यवाई करते हुए कहा था कि ऐसी दुकानों पर रेड लगाई जायेगी।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।