Thu. Mar 28th, 2024
    जियोफोन1

    रिलायंस जियोफोन ने कुछ ही महीने में भारतीय मोबाइल फोन मार्केट में हड़कंप मचा दिया है। रिलायंस जियो फोन आजकल सुर्खियों में बना हुआ है। जियोफोन ओएलएक्स के बाद अब अमेज़ॅन इंडिया पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि रिलायंस जियोफोन 49 रूपए डिलीवरी चार्जेज सहित अमेजन इंडिया पर कुल 1,794 रूपए कीमत पर उपलब्ध है।

    जियोफोन की वास्तविक कीमत

    अगर देखा जाए तो जियोफोन की कीमत एक प्रकार से जीरो रूपए है। कुछ नियम तथा शर्तों के साथ शुरूआती सिक्योरिटी की कुल राशि 1500 रूपए है। जबकि 1500 रूपए का पेमेंट भी ​ग्राहकों को जियोफोन मिलने के बाद करना है। करीब 3 साल इस्तेमाल करने बाद कस्टमर्स 1500 रूपए की यह धनराशि सुरक्षित वापस पा सकते हैं।

    जियो फोन की तकनीकी विशेषता

    यदि हम जियोफोन की तकनीकी विशेषताओं की बात करें तो इस फोन में 2.4 इंच का डिस्प्ले लगा हुआ है। यह फोन 512 एमबी रैम के क्वाड-कोर प्रोसेसर द्वारा संचालित हैं। इसमें 8जीबी ऑनबोर्ड फ्लैश स्टोरेज मेमोरी भी इंक्लूड की गई है, जिसे 128 जीबी तक विस्तारित किया जा सकता है। जियो फोन में ओएस सिस्टम भी मौजूद है, जिसके जरिए हम विभिन्न जियो एप्स जैसे जियो म्यूजिक, जियो सिनेमा, माई जियो और जियो मैजिक आदि का लाभ उठा सकते हैं।

    अमेजन इंडिया पर जियोफोन की कीमत

    वैसे तो जियोफोन की कीमत जीरो रूपए निर्धारण पर आधारित है, बावजूद इसके 1500 रूपए मूल्य की अपेक्षा अमेजन इंडिया जियोफोन 1794 रूपए में बेच रहा है। मतलब साफ है, रिलायंस जियो अपने फोन की​ बिक्री प्रत्यक्षतौर पर अमेजन को नहीं कर रहा है। यही नहीं अमेजन इंडिया से जियोफोन खरीदने के बावजूद भी खरीददार को जियो 4जी सिम पाने के लिए निकटतम जियो स्टोर जाना ही होगा।

    अमेजन पर जियोफोन बुकिंग

    एक तो अमेजन इंडिया पर जियोफोन की ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है, दूसरे अमेजन जियोफोन में दोहरे सिम कार्ड इस्तेमाल का दावा कर रहा है। जबकि वास्तविकता यह कि यूजर्स जियोफोन में केवल एक ही सिमकार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं।

    गौरतलब है कि जियोफोन केवल सिम स्लॉट (मॉडल संख्या F90M) है। जियोफोन केवल 4जी सिमकार्ड के साथ ही काम करेगा क्योंकि यह एक कैरियर लॉक डिवाइस है। इस प्रकार जियोफोन बिक्री के लिए अमेजन इंडिया से पहले ओएलएक्स पर भी देखा जा चुका है।

    सावधान रहें ग्राहक

    रिलायंस जियो की शर्तों तथा उपरोक्त अन्य कंपनियों के दावों से यह बिल्कुल साफ हो जा रहा है कि जियो ने अपने इस फोन के बेचने आदि का अधिकार किसी ई-कमर्शियल कंपनी को हंस्तातरित नहीं कर रखा है।