Thu. Apr 25th, 2024
    अमित शाह

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इन दिनों अपने तीन दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हैं। वह यहाँ नया भारत मंथन कार्यक्रम में भाग लेने आये हैं। आज कार्यक्रम के दूसरे दिन उन्होंने मंच से भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मन में यह भाव बना कर कार्य करें कि भाजपा अगले 5-10 साल नहीं बल्कि 50 सालों के लिए सत्ता में आई है। जब कार्यकर्ताओं के अंदर यह भाव जागृत हो जायेगा तभी देश में आमूलचूल परिवर्तन संभव है।

    अमित शाह
    अमित शाह

    अमित शाह ने सांसदों, प्रदेश पदाधिकारियों, पार्टी के कोर ग्रुप के सदस्यों, विधायकों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय में भाजपा ने चुनाव में अपना प्रदर्शन लगातार सुधारा है। पर हमें थक कर नहीं बैठना है। पार्टी संगठन के कार्यकर्ताओं को तबतक आराम करने का अधिकार नहीं है जब तक इस राष्ट्र में आमूलचूल सकारात्मक परिवर्तन देखने को ना मिल जाये। तब तक हमें बिना थके, बिना रुके अपनी दिशा में आगे बढ़ते जाना है।

    बता दें कि अगले वर्ष नवंबर-दिसंबर में मध्य प्रदेश में चुनाव होने प्रस्तावित है। इन चुनावों के मद्देनजर भाजपा अभी से अपनी तैयारी में जुट गई है। मध्य प्रदेश में अभी भाजपा की सरकार है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह लगातार तीसरा कार्यकाल है। पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा को मध्य प्रदेश की दो सीटों पर हार मिली थी और अमित शाह का अगला लक्ष्य 2019 में मध्य प्रदेश में क्लीन स्वीप करना है। विधानसभा चुनावों में भी भाजपा को मध्य प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस से कोई टक्कर मिलती नजर नहीं आ रही थी लेकिन व्यापम घोटालों के बाद मौजूदा शिवराज सिंह चौहान सरकार पर सवाल उठने खड़े हो गये थे।

    अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों में मिली विजय से उन्हें संतोष करने की जरुरत नहीं है। एक उत्कृष्ट कार्यकर्ता 2014 की जीत को भी सर्वोच्च नहीं मानता है और हमें अभी बहुत आगे तक जाना है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कामरूप से कच्छ तक कोई बूथ ऐसा नहीं होना चाहिए जहाँ भाजपा ना हो। देश की जनता ने हमपर भरोसा जताया है और हमें उस भरोसे पर खरा उतरना है। अमित शाह ने सभी कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा है कि बैठक में हुई बात अंदर ही रहनी चाहिए। किसी को भी मीडिया से बात नहीं करनी है। उन्होंने बैठक के दौरान मोबाइल फ़ोन इस्तेमाल ना करने को भी कहा।

    अमित शाह ने इस दौरान कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र है जबकि कांग्रेस में ऐसा कुछ नहीं है। कांग्रेस वंशवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टी है। भाजपा में अमित शाह के बाद कौन अध्यक्ष बनेगा यह कोई नहीं जानता लेकिन कांग्रेस में सोनिया गाँधी के बाद कौन अध्यक्ष बनेगा यह बात सभी को पता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वह दल है जिसका आंतरिक लोकतंत्र मर चुका है। आजादी के बाद देश में 1650 दल पंजीकृत हुए हैं और उनमें से आज एक-दो पार्टियां ही ऐसी हैं जिनमें आंतरिक लोकतंत्र है।

    शिवराज सिंह चौहान, अमित शाह
    शिवराज सिंह चौहान के साथ अमित शाह

    अमित शाह के स्वागत के लिए भोपाल को दुल्हन की तरह सजाया गया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हवाई अड्डे पर खुद शाह की आगवानी करने पहुँचे थे। अमित शाह ने रास्ते में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, राजा भोज और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। रास्ते में कई जगहों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। नया भारत मंथन कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, थावरचंद गहलोत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, अनिल जैन और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान उपस्थित रहे।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।