Tue. Apr 23rd, 2024

    राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख अजित सिंह का आज (6 मई) निधन हो गया। वह कुछ दिन पहले कोरोना से संक्रमित हो गए थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार गुरुग्राम में होगा या बागपत में, इस बारे में राकेश टिकैत और सरकार के बीच वार्ता चल रही है। रालोद के मुखिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री 82 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार कोरोना के कारण उनके फेफड़ों में संक्रमण बढ़ गया था जिससे उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी और इसी के चलते उनका निधन हो गया।

    गुरुवार को चौधरी अजित सिंह ने आज सुबह 8:20 बजे अंतिम सांस ली। 20 अप्रैल को उनकी कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।कोरोना संक्रमित होने पर चौधरी अजित सिंह का उपचार गुरुग्राम के अस्पताल में किया जा रहा था। बीते दिनों में जब उनका स्वास्थ्य बिगड़ा, उन्हेंं आइसीयू में वेंटिलेटर पर निर्भर रखा गया था। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के बेटे बागपत से पूर्व सांसद थे। अजित सिंह के बेटे और पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, ‘चौधरी साहब नहीं रहे।’

    स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह सात बार बागपत से लोकसभा के सदस्य थे। वह एक बार राज्यसभा के भी सदस्य थे। पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी चरण सिंह के बेटे अजित सिंह बागपत से सात बाद सांसद और कई बार मंत्री रह चुके हैं। 2001 से 2003 तक अटल बिहारी सरकार में वह कृषि मंत्री और 2011 में यूपीए सरकार के तहत नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में उन्होंने मुजफ्फनगर से चुनाव लड़ा था लेकिन हार झेलनी पड़ी थी।

    चार बार केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में उन्हेंं प्रमुख स्थान प्राप्त हुआ। चौधरी अजित सिंह ने अपने पिता पूर्व प्रधान मंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी की विचारधारा की विरासत को बखूबी संभाला और उनको भी देश के किसान-कमेरा वर्ग के नेता के रूप में पहचाना गया। चौधरी अजित सिंह राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे। पश्चिमी यूपी में चौधरी अजित सिंह जाटों के बड़े नेता माने जाते थे।

    बागपत के सात बार सांसद रहे 82 वर्षीय चौधरी अजित सिंह के के निधन पर देशभर के नेताओं ने शोक जताया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लखनऊ से सांसद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक के साथ दो दर्जन के अधिक नेताओं ने चौधरी अजित सिंह के निधन पर शोक जताया है। राजनाथ सिंह ने इंटरनेट मीडिया मीडिया पर लिखा, चौधरी अजीत सिंह के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक हैं। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में वे हमेशा जनता और जमीन से जुड़े रहे। साथ ही किसानों, मजदूरों एवं अन्य निर्बल वर्गों के हितों के लिए संघर्ष भी करते रहे। उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। कांग्रेस सांसद नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से चौधरी अजित सिंह को श्रद्धांजलि दी।

    By आदित्य सिंह

    दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास का छात्र। खासतौर पर इतिहास, साहित्य और राजनीति में रुचि।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *