Fri. Mar 29th, 2024
    अजमेर - किशनगढ़ एयरपोर्ट

    राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने राजस्थान के अजमेर – किशनगढ़ एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस एयरपोर्ट के जरिये अजमेर और दिल्ली के बीच संपर्क बढ़ाने की कोशिश की जायेगी।

    राजस्थान में वसुंधरा राजे के राज में जैसलमेर, बीकानेर और कोटा जैसे शहरों को हवाई संपर्क से जोड़ा गया है। इसके बाद अब अजमेर को इस मुख्य धरा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। अजमेर में लाखों की संख्या में पर्यटक यहाँ स्थित दरगाह, पुष्कर झील, ब्रह्मा मंदिर आदि के दर्शन करने आते हैं।

    किशनगढ़ हवाई अड्डे में वर्तमान में 6 जांच केंद्र हैं। यहाँ से दिल्ली और अन्य भारतीय शहरों के लिए हवाई जहाज की सेवा शुरू हो चुकी है। दिल्ली से अजमेर पहुँचने के लिए पर्यटकों को अब बस में 6 घंटे नहीं बिताने होंगे। हवाई सेवा के जरिये यह दूरी सिर्फ 1 घंटे में पूरी की जा सकेगी।

    इसके साथ ही किशनगढ़ को मार्बल के लिए एक बड़ा बाजार माना जाता है। हवाई सेवा की शुरुआत से व्यापारियों को भी काफी मदद मिलने के आसार हैं।

    राजस्थान सरकार राज्य में पर्यटक और परिवहन सेवाओं को बढ़ाने पर जोर दे रही है। इस एयरपोर्ट की मदद से देश के सबसे बड़े राज्य की परिवहन प्रणाली में बहुत आसानी होगी।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।