Fri. Apr 19th, 2024
    अखिलेश यादव

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सूबे में सपा-कांग्रेस का गठबंधन चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों में सपा-कांग्रेस मिलकर लड़ेंगी। सूबे के पूर्व मुखिया अखिलेश यादव वृन्दावन में पत्रकारों से मुखातिब थे। अखिलेश यादव ने कहा कि 2019 में होने वाला लोकसभा चुनाव सपा और कांग्रेस मिलकर लड़ेंगी। उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी योगी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सूबे की मौजूदा भाजपा सरकार किसी लिहाज से पूर्ववर्ती सपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की बराबरी नहीं कर सकती। बता दें कि बीते 5 अक्टूबर को आगरा में हुए सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिलेश यादव दोबारा सपा अध्यक्ष बने थे।

    अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की सत्ताधारी मोदी सरकार को भी आड़े हाथों लिया। अखिलेश यादव ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार सिर्फ बड़े उद्योगों को ही बढ़ावा दे रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बयान दिया था कि जीएसटी में छूट दिए जाने से देशभर में 15 दिन पहले ही दीवाली हो गई है। इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर व्यापारियों से पूछा जाए तो वही सही तरीके से बता सकेंगे कि उनकी दीवाली 15 दिन पहले हुई है या नहीं। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ 3 बार मथुरा का दौरा कर चुके हैं पर अभी तक ब्रजभूमि के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया है।

    सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वृन्दावन के विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के बजट में घोषित योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट अब एक ड्रीम बनकर ही रह गया है। इसे हकीकत में बदलने के लिए योगी सरकार जमीनी स्तर पर कुछ नहीं कर रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि उसने प्रदेश में यमुना नदी की सफाई के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। बीते कुछ वक्त से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सपा परिवार में सब सामान्य हो चुका है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव को आशीर्वाद दिया था और अखिलेश यादव ने उनसे मुलाकात भी की थी। शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश को सपा अध्यक्ष बनने पर फोन कर बधाई दी थी। इस सम्बन्ध में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा कि यह परिवार का आपसी मामला है और इसे सुलझा लिए जाएगा।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।