Fri. Mar 29th, 2024

    सऊदी अरब के प्रिंस मंसूर बिन मोकरिन की रविवार को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है। इस हादसे की पुष्टि खुद गृह मंत्रालय ने की है। प्रिंस के साथ हेलीकॉप्टर में कई अधिकारी भी सवार थे।

    यमन की सीमा पर यह दुर्घटना रियाद में इंटरसेप्ट मिसाइल गिराने के कुछ घंटे बाद घटी है। रविवार सुबह सऊदी अरब की राजधानी रियाद में यमन से इंटरसेप्ट मिसाइल छोड़ी गई थी।

    जानकारी के अनुसार इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है। प्रिंस मंसूर के साथ सभी अधिकारियों की भी हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई है। हेलीकॉप्टर हादसों के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

    प्रिंस के साथ हेलीकॉप्टर में सवार सभी अधिकारियों की भी हुई मौत

    समाचार चैनल अल-इखबरिया ने असीर प्रांत के उप गवर्नर और पूर्व वली अहद (क्राउन प्रिंस) के बेटे शहजादे मंसूर बिन मोकरिन की मौत की घोषणा की है। दुर्घटना की खबर ऐसे समय में आई है जब सऊदी अरब ने प्रशासन के शीर्ष स्तर पर बडी फेरबदल की है।

    गौरतलब है कि रविवार को ही सऊदी अरब ने कहा था कि उन सभी राजकुमारों, मंत्रियों और उद्योगपतियों के बैंक खाते सीज़ कर दिए जाएंगे, जिन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ़्तार किया गया है। उसके बाद ही यह हादसा हुआ है। मीडिया रिपोर्टेस की माने तो इस हादसे में कोई भी नहीं बचा है।

    प्रिंस मंसूर असीर प्रांत के डिप्टी गवर्नर थे और सऊदी अरब के पूर्व क्राउन प्रिंस मोकरिन अल सऊद के बेटे थे।  यमन सीमा से 160 किमी की दूरी पर आभा शहर के पास उनका हेलीकॉप्‍टर दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया।

    प्रिंस मंसूर के पिता को उनके सौतेले भाई किंग सलमान ने साल 2015 में सत्‍ता संभालने के कुछ महीने बाद ही बाहर निकाल दिया था।  प्रिंस मंसूर के पिता खुफिया सेवा निदेशक भी रहे थे। वहीं बताया जा रहा है कि प्रिंस मंसूर अपनी टीम के अधिकारियों के साथ सरकारी दौरे पर जा रहे थे।