Sat. Apr 20th, 2024
    कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी

    कर्नाटक विधानसभा चुनावों में दोबारा जीत के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक में चुनाव अभियान की शुरूआत 10 फरवरी से करने वाले है। चुनावी अभियान में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। 10 फरवरी से राहुल गांधी कर्नाटक में पहले चरण का अभियान शुरू करेंगे।

    कर्नाटक में अभी कांग्रेस की सरकार है। बीजेपी की कोशिश है कि वो इस बार कांग्रेस को दोबारा सरकार नहीं बनाने दे। वहीं कांग्रेस कर्नाटक में वापिस से सत्ता में आने के लिए पूरी तैयारी में जुट गई है।

    कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में बूथ स्तर के प्रबंधन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पूरा फोकस करेगी। राहुल गांधी के कर्नाटक चुनाव अभियान दौरे के बारे में कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष जी परमेश्वर ने संवाददाताओं से कहा कि राहुल गांधी 10 फरवरी को होस्पेट पर एक रैली को संबोधित करते हुए चुनाव अभियान का शुभारंभ करेंगे। अगले दिन वह बस से कोप्पल, यादगिरी, रायचूर और कलबुर्गी की यात्रा पर जाएंगे। साथ ही 12 फरवरी को कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करेंगे।

    मंदिर में जा सकते है राहुल गांधी

    परमेश्वर ने बताया कि राहुल गांधी कर्नाटक में चुनावी अभियान के दौरान सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे और जनता के साथ प्रत्यक्ष रूप से संपर्क कर सकते है। राहुल गांधी की यात्रा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

    जब परमेश्वर से पूछा गया कि राहुल गांधी कर्नाटक के मंदिरों का भी दौरा करेंगे, तो उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति राहुल गांधी को मंदिर जाने के लिए कहेंगे तो वे मंदिर में आवश्यक रूप से जा सकते है। राहुल गांधी के मंदिर जाने में कुछ भी गलत नहीं है।

    फिलहाल तो राहुल गांधी की कर्नाटक यात्रा के लिए किसी भी धार्मिक स्थल का चयन अभी तक नहीं किया गया है। इसके अलावा राहुल गांधी कर्नाटक राज्य के सभी कांग्रेस नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे।