Wed. Apr 24th, 2024
    DEVE_GOWDA news in hindi

    बेंगलुरू, 23 मई (आईएएनएस)|

    लोकसभा चुनाव की गुरुवार को हो रही मतगणना में कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 21 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस और जनता दल-सेकुलर (जद-एस) दो-दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

    हालिया आंकड़ों के अनुसार, भाजपा बगलकोट, बेंगलुरू उत्तर, बेल्लारी (अनुसूचित जनजाति), बीदर, बीजापुर (अनुसूचित जाति), चिकबल्लापुर, चिक्कोडी, चित्रदुर्गा (अनुसूचित जाति), दक्षिण कन्नड़, दवंगेरे, धारवाड़, गुलबर्ग, हवेरी, कोलार (अनुसूचित जाति), कोप्पल, मैसुरू, रायचूर (अनुसूचित जनजाति), शिमोगा, तुमकुर, उडुपी-चिकमंगलुर और उत्तर कन्नड़ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

    कांग्रेस बेंगलुरू ग्रामीण और बेंगलुरू सेंट्रल तथा जद-एस हसन और मांड्या में बढ़त बनाए हुए है।

    भाजपा के जो प्रमुख उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं, उनमें केंद्रीय मंत्री डी.वी. सदानंद गौड़ा बेंगलुरू उत्तर में, अनंत कुमार हेगड़े उत्तर कन्नड़ में, प्रहलाद जोशी धारवाड़ में, शोभा करंदलाजे उडुपी-चिकमंगलूर में और बी.वाई. राघवेंद्र शिमोगा में बढ़त बनाए हुए हैं।

    जद-एस प्रमुख एच.डी. देवगौड़ा के दो पोते- निखिल कुमारस्वामी और प्रज्वल रेवन्ना प्रतिष्ठित मांड्या और हसन सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

    देवेगौड़ा, मल्लिकार्जुन खड़गे पीछे

    पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल-सेक्युलर(जेडीएस) के उम्मीदवार एच.डी. देवेगौड़ा और कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे गुरुवार को क्रमश: तुमकुर और गुलबर्ग(अनुसूचित जाति) लोकसभा सीट पर अपने-अपने भाजपा प्रतिद्वंदियों से पीछे चल रहे हैं।

    नवीनतम रुझानों के अनुसार, देवेगौड़ा चार चरणों की मतगणना के बाद तुमकुर लोकसभा सीट पर भाजपा के जी.एस. बसवराज से 22,925 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

    देवेगौड़ा को यहां अभी तक 1,27,810 वोट मिले हैं और बासवराज को 1,40,735 वोट मिले हैं।

    उसी तरह खड़गे गुलबर्ग आरक्षित सीट पर भाजपा के उमेश जाधव से 9,173 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

    खड़गे को अभी तक 25,753 और जाधव को 34,920 वोट मिले हैं।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *