Thu. Apr 25th, 2024
    अमेरिका दक्षिण कोरिया संयुक्त सैन्य अभ्यास

    अमेरिका अब उत्तर कोरिया को घेरने के लिए लगातार रणनीतिक कदम उठा रहा है। उत्तर कोरिया पर वैश्विक दबाव बनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में एशियाई देशों का दौरा किया था। इसके अलावा अमेरिका व दक्षिण कोरिया के बीच में समुद्र में संयुक्त नौसेना अभ्यास भी किया गया।

    हाल ही में मिली जानकारी के मुताबिक अब अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए दक्षिण कोरिया को एफ -22 विमान भेजेगा। रिपोर्टों के मुताबिक एफ -22 लड़ाकू विमान के अमेरिका-दक्षिण कोरिया संयुक्त अभ्यास का मुख्य मकसद उत्तर कोरिया के प्योंगयांग के खिलाफ दबाव बनाना है।

    जानकारी के अनुसार 4 दिसंबर से शुरू होने वाले पांच-दिवसीय संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए जापान के ओकिनावा से 6 लड़ाकू विमानों को दक्षिण कोरिया को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा अमेरिका भी एफ-22 विमानों को भेज रहा है।

    ये देश मिलकर उत्तर कोरिया बल के खिलाफ एकजुटता को प्रदर्शित करेंगे। दक्षिण कोरियाई वायुसेना के प्रवक्ता ने बताया कि इस सयुंक्त सैन्य अभ्यास में अमेरिका के एफ-22 लड़ाकू विमान भी शामिल होंगे।

    एफ-22 लड़ाकू विमानों के बारे में अधिक जानकारी नहीं

    हालांकि एफ-22 विमानों की निश्चित संख्या के बारे मे इन्हें भी कोई जानकारी नहीं है। वहीं एक अमेरिकी वायु सेना के प्रवक्ता ने भी एफ-22 विमान के बारे में विवरण देने से इंकार कर दिया है।

    स्थानीय मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक अमेरिकी विमान एफ-22 दक्षिण कोरियाई वायुसेना लड़ाकू विमानों के साथ सैन्य अभ्यास में शामिल होंगे।

    गौरतलब है कि हाल ही में इस महीने की शुरूआत में तीन अमेरिकी विमानवाहक और सात दक्षिण कोरियाई युद्धपोतों से जुड़े एक संयुक्त नौसैनिक अभ्यास भी किया गया था। जिसके बाद उत्तर कोरिया के होश उड़ गए थे।

    जापान व दक्षिण कोरिया भी अब उत्तर कोरिया पर दबाव बनाने के लिए अमेरिका का पूरा सहयोग कर रहे है। संयुक्त सैन्य अभ्यासों की मदद से उत्तर कोरियाई सेना पर दबाव बनाया जा सकता है।